Thursday, February 4, 2010

शोषण के अभयारण्य

वैश्वीकरण की इस बीच जितनी चर्चा हुई है उस लिहाज से हिंदी में उस पर अर्थशास्त्रीय अनुशासन के तहत लगभग नहीं के बराबर काम हुआ है। विशेष कर ऐसा काम जो सामान्य पाठक को उसकी सैद्धांतिकी के साथ व्यवहारिक पक्षों से भी परिचित करवा सके।

अशोक कुमार पाण्डेय, कवि होने के बावजूद, उन बिरले लेखकों में से हैं, जिन्होंनें साहित्य की चपेट में सिमटी हिंदी में ऐसे विषयों पर भी लेखन किया है जो समकालीन समय, उसकी चुनौतियों और संकटों को समझने-समझाने में मददगार साबित होता है। अर्थशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषय पर लगातार हिंदी में किया गया उनका लेखन कई दृष्टियों से प्रशंसनीय है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह लेखन पाठ्यक्रमीय लेखन नहीं है जैसा कि अक्सर होता है। वैश्वीकरण के विभिन्न पक्षों पर विगत कुछ वर्षों में लिखे गए इस संग्रह के लेखों में दृष्टि संपन्नता, मानवीय सरोकार और विषय की गहरी पकड़ साफ देखी जा सकती है।

एक युवा अर्थशास्त्री के ये लेख आम पाठक के लिए भी उतने ही ज्ञानवर्द्धक और पठनीय हैं जितने कि विषय के अध्येताओं और विशेषज्ञों के लिए हो सकते हैं। यह दोहराने की जरूरत नहीं है कि अगर किसी भी दौर को समझना हो तो यह काम उसकी आर्थिक प्रवृत्तियों को बिना जाने नहीं हो सकता। आज के दौर के लिए तो यह और भी महत्वपूर्ण है।

एक संपादक के रूप में ही नहीं बल्कि एक आम पाठक के तौर पर भी मैंने इन लेखों को पढ़ा है और मैं चाहूंगा कि इसे वे सब लोग अवश्य पढ़ें जो अपने दौर को सही परिप्रेक्ष्य में समझना चाहते हैं।

ये लेख हिंदी में साहित्येत्तर लेखन की चुनौती को तो स्वीकारते ही हैं साथ में सभी भारतीय भाषाओं के पक्ष को ऐसे दौर में मजबूत करते हैं जब कि अंग्रेजी ने शायद ही ज्ञान का कोई पक्ष छोड़ा हो जिस पर एकाधिकार न जमा लिया हो।
- पंकज बिष्ट  

पुस्तक : शोषण के अभयारण्य
लेखक : अशोक कुमार पाण्डेय
प्रकाशक: शिल्पायन प्रकाशन, दिल्ली (मो.  09810101036)
कीमत : 200 रु
              

Friday, January 29, 2010

और बुक हो गये उसके घोडे़- 6

पिछले से जारी-

तांग्जे में गेंहू, मूली, शलजम और गोभी की खेती हो रही है। गांव लगभग खाली खाली से हैं। ज्यादातर गांव वाले डोक्सा में हैं। जवान लड़के पार्टी को तला्शते या तो दारचा, मनाली में भटक रहे हैं या फिर पदुम और लामायुरू में। कोई घोड़ों पर रारू से डिपो का माल गांव गांव तक पहुचाने में जुटा है। जांसकर में पैदा होने वाला ज्यादातर अनाज छंग बनाने में इस्तेमाल हो जाता है। अर्क यानी देशी शराब भी बनायी जाती है। तांग्जे में एक प्राइमरी स्कूल भी है जिसमें तीन कमरे हैं। स्कूल की आज छुट्टी है। सुनते हैं मास्टर अपने इलाज के लिए दिल्ली गया हुआ है। स्कूल के नजदीक ही कारगियाक नदी पर लकड़ी का एक नया पुल बना है। नदी के दूसरे पार से कुरू और त्रेस्ता जाने का यह नया रास्ता है। हमें तांग्जे में छोड़ नाम्बगिल अपने घर कारगियाक गांव जाएगा जो यहां से घोड़े पर चढ़ कर जाने में सिर्फ दो घन्टे का रास्ता है। घर में किस किस चीज की जरूस्त है वह सब लकर लौटना है उसे।
हमें पुरनै जाना है। कुरू, त्रेस्ता होते हुए याल के नीचे से ही मलिंग वाली धार पर होते हुए। परनै पर चढ़ाई और उतराई ज्यादा है। इससे अच्छा तो कारगियाक नदी को नीचे ही बने कच्चे पुल से पार कर निकलने में ठीक रहेगा। सर्प छू के किनारे बसा पुरनै गांव जांसकर घाटी का महत्वपूर्ण गांव है। यूं मात्र तीन घर ही हैं इस गांव में पुख्ताल गोम्पा जाने के लिए पुरनै पहुचंना होगा। यहीं से सर्प छू के किनारे किनारे लगभग 7 किमी आगे नदी के दूसरे ओर है पुख्ताल गोम्पा। पुरनै से पुख्ताल जाते हुए लगभग 1 किमी दूर खनकसर गांव है जिसमें एक ही घर है। जांसकर घाटी में पुरनै पदुम से इधर के सभी गांवों में महत्वपूर्ण स्थान रखता ह। खेती बाड़ी उन्नत अवस्था में है। दुकानें हैं। दुकनों में बजता संगीत है। सैलानियों के रूकने के लिए कमरा और बिस्तर भी है। नहीं तो टैन्ट लगाने के लिए गांव वालों ने खेत खाली छोड़े हुए हैं। जिस पर 35 रू कैम्पिंग चार्ज की दर से पर टैन्ट का किराया लेते हैं पुरनै वाले।
पुख्ताल से आती सर्प छू यहां कारगियाक नदी से मिल रही । यहां से फिर पहली वाली दिशा में ही कारगियाक नदी के किनारे किनारे चलते हूए हम पदूम पहुंचेंगे। पदुम में कारगियाक नदी जांसकर नदी में मिल जाएगी। जांसकर बढ़ेगी आगे और लेह के नजदीक कैलाश मानसरोवर से आती सिन्धु नदी में मिल जाएगी। पुरनै से रारू तक लगभग पांच सात किमी तक कई गांव हैं नदी के दोनों ओर। रारू तक बस रोड़ कट चुकी हैं कभी कभार जीप या ट्रक पदुम से रारू आते है।
रारू से पदुम लगभग 20 किमी होगा। पदुम में बौद्ध, मुस्लिम - दोनों धर्मों के लोग रहते हैं। जांसकर के प्रति विदेशियों का आकर्षण सहज रूप् से देखा जा सकता है। जुलाई, अगस्त, सितम्बर में विदेशी यात्रियों का मानो सैलाब सा उमड़ता है। अपनी इस यात्रा के दौरान लगभग 35-40 टीमें हमें विदेशियों की जगह जगह मिली। यूं व्यक्तियों की संख्या लगभग दो सौ के आस पास होगी। इससे कहीं अधिक विदेशी अभी और आने हैं। या आ चुके होंगे।
कुछ हैं जो बस रूट तक ही आते हैं। विदेशियों का यह आकर्षण लेह लद्दाख को देखने का है या ---?
दरअसल जब हम रारू में पहुंचे तो वहां एक स्कूल का वार्षिक कार्यक्रम चल रहा था। विदेशी मेहमानों के साथ साथ वहीं जम्मू कश्मीर के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। पूछने पर मालूम चला कि अमुक स्कूल जर्मनी की शाम्बला कम्पनी द्वारा खोला गया है। जिसका देख रेख का जिम्मा भी कम्पनी के ही पास है। ऐसा ही एक स्कूल पदुम में फ्रांस की कम्पनी ने खोला है। पदुम में जम्मू कश्मीर के गेस्ट हाउस में रूकना हुआ। यहीं पर दो लामाओं से भेंट हुई जो किसी विदेशी महिला को खोज रहे थे। उन्हीं से मालूम हुआ वह महिला गोम्पाओं के लिए कुछ आर्थिक मदद देने वाली है। यहां विदेशियों के साथ स्थानीय लोगों या लामाओं को यूही घूमते देखा जा सकता है। वे लोग विदेशियों के साथ अक्सर विदेशि भाषा में ही बातें करते भी सुने जा सकते हैं। यहां पदुम में ही नहीं बल्कि जांसकर घाटी में जो देखने में आया वह यह कि जांसकरी व्यक्ति जितनी आसानी से Hurry up, Come here, Get up या ऐसे ही छोटे वाक्य आसानी से समझ लेते हैं वैसे तसे किसी और भारतीय भाषा के बारे में जानते तक नहीं। उत्तराखण्ड के तमाम पहाड़ों में और देश भर के भीतर जिस तरह से NGO के मार्फत विदेशी मुद्रा इस देश में पहुंच रही है, यहां तो उससे भी आगे का रूप् देखने में आया । जर्मन, फ्रांस, इंग्लैण्ड से सीधा सैलानी के रूप में विदेशी यहां अपने रूपये के साथ पहुंच रहा है और उस पर नियंत्रण भी रख रहा है।
बस से कारगिल और लेह आते लददाख के सुखे पहाड़ मुझे फिर आकर्षित कर रहे हैं। नाम्बगिल दोरजे की वो आंखें जिनमें भीतर ही भीतर हमसे बिछुड़ने पर छलक रहा था पानी याद आ रहा है। आखिर ऐसा क्या था जो इन 10-11 दिनों में नाम्बगिल को हमारे इतना करीब ले आया। नाम्बगिल ने जब हमें पदुम में छोड़ा तो उसकी आंखों में बेचैनी साफ दिखायी दे रही थी। हमें गेस्ट हाउस में छोड़ वह पदुम बाजार की ओर निकल गया था। बाद में लौटकर उसने बताया कि कल वह रारू चला जायेगा, वहां से डिपो का माल कारगियाक तक छोड़ने के लिए बुक हो गये हैं उसके घोड़े।

समाप्त

Tuesday, January 26, 2010

उनकी टोपी इनके सिर


अरविंद शेखर 



कहते हैं संस्कृति की कोई सरहद नहीं होती। सच भी है, क्योंकि हिमाचल के किन्नौर की हरी पट्टी वाली किन्नौरी टोपी अब उत्तराखंड के लोगों के सिरों पर भी खूब सज रही है। दून में तो आपको किन्नौरी टोपी पहने बहुत से लोग दिख जाएंगे, लेकिन उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के सुदूरवर्ती के हरकी दून ट्रैक के क्षेत्र में तो हर दूसरा आदमी हरे रंग की पट्टी वाली किन्नौरी टोपी पहने दिखता है। हम जिन टोपियों को आम तौर पर हिमाचली टोपियां कहते और समझते हैं, वे क्षेत्रवार तीन प्रकार की हैं- कुल्लू टोपी, बुशहरी टोपी और किन्नौरी टोपी। कुल्लू टोपी स्लेटी रंग के ऊनी कपड़े पर रंग बिरंगी सुनहरे रंग की वी डब्लू जैसी डिजाइन वाली ऊन की कढ़ाई वाली होती है।

अमूमन इसीको हिमाचली टोपी के रूप में जाना जाता है। दूसरी बुशहर टोपी में लाल या मैरून वेलवेट लगा होता है। यह सफेद वैलवेट पर हरे किनारे की पट्टी वाली टोपी भी हो सकती है। तीसरे किस्म की टोपी है-किन्नौर जिले की पहचान किन्नौरी टोपी। शेष अन्य टोपियों से महंगी इस टोपी की खासियत यह है कि इसे किन्नौर में पुरुष और महिलाएं दोनों पहनते हैं। हलके स्लेटी रंग के ऊनी कपड़े से बनी इस टोपी में हरी वैलवेट की पट्टी होती है। कहा जाता है कि हरे रंग का यह वैलवेट एक जमाने में तिब्बत से तस्करी कर लाया जाता था। इस वैलवेट की पट्टी के तीन किनारों पर नारंगी, लाल या केसरिया पट्टी होती है। ज्यादा सर्दी पड़ने पर वैलवेट की पट्टी को खोलकर कान ढंके जा सकते हैं। किन्नौर में इस टोपी को दलित नहींपहन सकते, लेकिन उत्तराखंड में पहुंचते ही यह गलत धारणा खत्म हो जाती है। बहुपति प्रथा वाले किन्नौर क्षेत्र में एक पति अगर पत्नी के साथ हो तो वह संकेत के तौर पर दरवाजे के बाहर खूंटी में अपनी टोपी टांग देता है, ताकि उनका एकांत भंग हो। ट्रैकिंग के शौकीन युवा रंगकर्मी साहित्यकार विजय गौड़ कहते हैं कि हरकी दून का इलाका हिमाचल जिले से लगा हुआ है। यहां के लोग अक्सर किन्नौर चले जाते हैं और वहां से किन्नौरी टोपियां ले आते हैं। हरकी दून के पूरे इलाके में आपको क्या पोर्टर, क्या दुकानदार, सभी किन्नौरी टोपी में नजर आते हैं। लगता है जैसे हरी टोपियों के संसार में कदम रख दिए हों। उत्तरकाशी निवासी डीपी उनियाल बताते हैं किन्नौरी टोपी कितनी लोकप्रिय हो चुकी है, यह बात पिछले साल रिलीज हुए गढ़वाली के एक म्यूजिक एलबम टिकुलिया मामा के लूण भरी दूण फुंदू लूण भरी दूण गाने में सभी कलाकारों ने किन्नौरी टोपी पहनी है।


Monday, January 25, 2010

साहित्य की स्वाधीन और जनपक्षधर परंपरा का उपहास है समसुंग पुरस्कार -जन संस्कृति मंच

जन संस्कृति मंच के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुधीर सुमन के हवाले से जारी यह  प्रेस बयान  प्रतिरोध की एक जरूरी पहल है, इसी आशय के साथ इसे यहां प्रस्तुत किया जा रहा है।


समसुंग कंपनी और साहित्य अकादमी की ओर से दिया जा रहा टैगोर साहित्य पुरस्कार साहित्य अकादमी की स्वायत्ता, भारतीय साहित्य की गौरवशाली परंपरा और टैगोर की विरासत के ऊपर एक हमला है। दे्श की तमाम भाषाओं के साहित्यकारों व साहित्यिक-सांस्कृतिक संगठनों को इस प्रवृत्ति का सामूहिक तौर पर प्रतिरोध करना चाहिए--- साहित्य अकादमी को सत्तापरस्ती और पूंजीपरस्ती से मुक्त किया जाना चाहिए।
जिस तरह साहित्य अकादमी ने लेखकों का नाम चयन करके पुरस्कार के लिए समसुंग के पास भेजा है वह भारतीय साहित्यकारों के स्वाभिमान को चोट पहुंचाने वाला कृत्य है और इससे साहित्य अकादमी की स्वायत्तता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। क्या अब इस दे्श की साहित्य अकादमी समसुंग जैसी कंपनियों के सांस्कृतिक एजेंट की भूमिका निभाएगी? यह खुद अकादमी के संविधान का उपहास उड़ाने जैसा है।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दिए जाने वाला यह पुरस्कार स्वाधीनता और जनता के लिए प्रतिबद्ध इस दे्श की लंबी और बेमिसाल साहित्यिक परंपरा पर कुठाराघात के समान है। बेशक दे्श की ज्यादातर पार्टियां और उनकी सरकारें साम्राज्यवादपरस्ती और निजीकरण की राह पर निर्बंध तरीके से चल रही हैं। दे्शी पूंजीपति घराने भी साहित्य-संस्कृति को पुरस्कारों और सुविधाओं के जरिए अपना चेरी बना लेने की लगातार कोशिश करते रहे हैं, बावजूद इसके दे्श के साहित्यकारों और संस्कृतिकर्मियों की बहुत बड़ी तादाद अपनी रचनाओं में इनका विरोध ही करती रही है। साहित्य अकादमी और समसुंग के पुरस्कारों के जरिए इस विरोध को ही अगूंठा दिखाने का उपहासजनक प्रयास किया जा रहा है और इसके लिए समय भी सोच समझकर चुना गया है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पूरे देश को एक तरह का संकेत देने की तरह है कि जैसी साम्राज्यवादपरस्त जनविरोधी अर्थनीति पिछले दो दशक में इस दे्श पर लाद दी गई है, वैसे ही मूल्यों को साहित्य में प्रश्रय दिया जाएगा और साहित्य अकादमी जैसी अकादमियां इसका माध्यम बनेंगी। बे्शक साहित्य अकादमी सरकारी अनुदान से चलती है, मगर इसी कारण उसे सरकारी संस्कृति का प्रचार संस्थान बनने नहीं दिए जा सकता। जिस पैसे के जरिए यह अकादमी चलती है वह पैसा जनता के खून-पसीने का है और इसीलिए उस संस्था का एक बहुराष्ट्रीय कंपनी के जशन का ठेकेदारी ले लेना आपत्तिजनक है। इस पुरस्कार का विरोध करना साहित्यकार-संस्कृतिकर्मियों के साथ-साथ इस दे्श की जनता का भी फर्ज है।
साहित्य अकादमी को और भी स्वायत्त बनाने और सही मायने में एक लोकतांत्रिक दे्श की राष्ट्रीय साहित्य अकादमी बनाने की जरूरत है। जिस शर्मनाक ढंग से समसुंग के समक्ष समर्पण किया गया है उसे देखते हुए सवाल खड़ा होता है कि क्या साहित्य अकादमी की विभिन्न समितियों में जो लेखक हैं, वे इस हद तक पूंजीपरस्त हो चुके हैं। उनका यह विवेकहीन निर्णय इस जरूरत को सामने लाता है कि अकादमी को लोकतांत्रिक बनाया जाए और उसे सत्तापरस्ती से मुक्त किया जाए।
टैगोर ने साहित्य-संस्कृति, शिक्षा और विचार को जनता से काटकर इस तरह समसुंग जैसी किसी कंपनी की सेवा में लगाने का काम नहीं किया था। जबकि आज साहित्य अकादमी ठीक इसके विपरीत आचरण कर रही है। यह टैगोर की विरासत के साथ भी दुर्व्यवहार है। देश के तमाम जनपक्षधर साहित्यकारों, संस्कृतिकर्मियों और लोकतंत्रपसंद-आजादीपसंद जनमत का ख्याल करते हुए पुरस्कृत लेखकों को भी एक बार जरूर पुनर्विचार करना चाहिए कि वे किन मूल्यों के साथ खड़े हो रहे हैं और इससे वे किनका भला कर रहे हैं। साहित्य मूल्यों और आदर्शों का क्षेत्र है। बेहतर हो कि वे उसके पतन का वाहक न बनें और इस पुरस्कार को ठुकराकर एक मिसाल कायम करें। 25 जनवरी को पुरस्कार समारोह के वक्त अपराह्न 3 बजे जन संस्कृति मंच के सदस्यों समेत दिल्ली के कई साहित्यकार-संस्कृतिकर्मी ओबेराय होटल के सामने जो शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं उसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल होना चाहिए।
         

Saturday, January 23, 2010

कलाकार एक चेतना से परिपूर्ण सत्ता है

घुमकड़ी का शौक रखने वाले और कला साहित्य में खुद को रमाये रखने वाले रोहित जोशी ने यह साक्षात्कार विशेषतौर इस ब्लाग के लिए भेजा है। हम अपने इस युवा साथी के बहुत बहुत आभारी हैं। प्रस्तुत है चित्रकार एम0 सलीम से रोहित जोशी की बातचीत---




चित्रकार के रूप में एम0 सलीम से मिलना प्रकृति के विविध पहलुओं से मिलना है। भूदृश्य चित्रण के कलाकार एम0 सलीम के चित्रों में प्रकृति के तमाम रंगो-आकार अंगड़ाई लेते दिखते हैं। जो कई बार रंगों में वॉ्श  तकनीक के प्रयोग से यथार्थ और स्वप्न के कहीं बीच लहराते नजर आते हैं। उनके कैनवास मूलत: इसलिए ध्यान आकर्षित करते हैं क्योंकि वहां प्रकृति की अनुकृति भी प्रकृति से एक कदम आगे की है। उनसे हुई कुछ बातें---
रोहित जोशी

  सबसे पहले तो कुछ बहुत अपने बारे में बताइए? कला के प्रति आपकी अभिरूचि कहां से जन्मीं?
एम सलीम:- यूं तो ये रूझान बचपन से ही रहा है। जब छोटी कक्षाओं में पढ़ा करते थे तो सलेट में पत्थरों के ऊपर चॉख से, या इसी तरह कुछ, कभी जानवरों के चित्र, पेड़-पौंधे मकान आदि ड्रा किया करते थे। इसके बाद ऊंची कक्षाओं में आए यहां काम कुछ परिष्कृत हुआ इसके अलावा कला अभिरूचियों में विस्तार के लिए एक कारण मैं समझता हूं प्रमुख रहा, अब तो यह चलन कम हुआ है, लेकिन पहले लगभग 50से 70 तक के दशक में अल्मोड़ा में बाहर से बहुत कलाकार आया करते थे और साइटस् पर जाकर लैण्डस्केप्स् किया करते थे। उन्हें कार्य करते देखना अपने आप में प्रेरणाप्रद रहा। रूचि थी ही, कलाकारों को देखकर स्वाभाविक ही बड़ी होगी।
चित्रकला सम्बन्धी शिक्षा-दीक्षा कहां से रही?
एम सलीम:- दसवीं पास करने के बाद पिताजी और उनके मित्रों ने मेरी कला में अभिरूचि को देखते हुए मुझे लखनऊ आर्टस् कालेज में दाखिला दिलवा दिया। वहां फाईन आर्टस् का पॉंच वर्षों का कोर्स हुआ करता था। यहीं मेरी कला की समुचित शिक्षा दीक्षा हुई।
आपने किन-किन माध्यमों और विधाओं में काम किया है?

एम सलीम:- मैंने जलरंग व तैलरंग दोनों ही माध्यमों में काम किया है। लेकिन मुख्य रूप से जलरंगों में मेरी बचपन से ही रूचि रही है। तैल रंगों से तो परिचय ही आर्टस् कालेज में जाकर हुआ और जहां तक विधाओं का सवाल है, मैंने लैण्डस्केप, पोट्रेट, स्टिल लाइफ, लाइफस्टडी, और एब्स्ट्रैक्ट आदि पर भी काम किया है। लेकिन यहॉं मुख्य रूप से लैण्डस्केप पर मेरा काम है। जिसे मैं अधिकतम् जल माध्यम के रंगों से ही करता हूं। जल माध्यम भी कला जगत् में बड़ा विवादास्पद रहा है। जो
पुराने मास्टर्स रहे हैं, उनका मानना है कि पानी में घोलकर रंगों को पेपर में लगाया जाना चाहिए। इसमें पारदर्षिता होनी चाहिए। जैसे आपने कोई एक रंग लिया है, और उसके ऊपर दूसरा ले रहे हैं तो सारी परतें एक के बाद एक दिखनी चाहिए। इस तकनीक में अपारदर्शी रंगों का प्रयोग वर्जित माना गया है। लेकिन दौर बदला है और ये मान्यताऐं भी टूट रही हैं। कई नऐ प्रकार के रंग माध्यम आए हैं। ऐक्रेलिक मीडियम है पोस्टर मीडियम है, इनके आने के बाद से आयाम बढ़े हैं।

आपने मुख्य रूप से जल रंगों में जो लैण्डस्कैप को अपनी विधा के रूप में चुना इसके क्या कारण रहे। आपको ये ही पसन्द क्यों आया?
एम सलीम:- इसका मुख्य कारण प्रकृति में मेरी रूचि से था। आप देखेंगे हमारे पास तो काम के लिए छोटा सा  कैनवास है लेकिन प्रकृति के पास ऐसे अनेक कैनवास हैं। इसी से लैण्डस्कैप में बहुत सारी चीजें हैं, जंगल र्हैं, नदियां हैं, झरने हैं, बादल हैं, मकान हैं, पेड़-पौंधे हैं, और भी कई अन्य चीजें हैं जिनको लेकर ताउम्र काम किया जा सकता है।

कला के दर्शन से उपजता एक सवाल मैं आपसे करना चाहुंगा, कि-कला जन्म कहॉं से लेती है? उसका उद्भव कहां है?
एम सलीम:- मेरा इस बारे में जो मानना है वह यह है कि कला मूलत: पैदाइशी है। लेकिन इसे उभारने की प्रेरणा हमारे चारों ओर मौजूद प्रकृति से मिलती है। जो चीज हमें अपील करती है उसके प्रति हमारे भीतर भावनाऐं पैदा होती हैं कि हम इन्हैं अपने मनोभावों के साथ पुन: उतारें, यहीं कला का जन्म होता है। मानव ने अपने प्रारंभिक अवस्था से ही ऐसा किया है।
कला के संदर्भ में दो मान्यताऐं हैं 'कला कला के लिए" और 'कला समाज के लिए" ऐसे में आप स्वयं को कहॉं पाते हैं? और कला के सामाजिक सरोकार क्या होने चाहिए?
एम सलीम:- जो कहा जाता है कि- "आर्ट फॉर दि सेक ऑफ आर्ट" ,'कला कला के लिए" ये अपनी जगह बिल्कुल सही चीज है। इसको आप बिल्कुल इप्तदाई तौर से लें, जब आदमी समाज में नहीं बधा था, तब भी उसने सृजन किया है। प्रकृति की प्रेरणाओं से उसने चित्रांकन किया। लेकिन जब हम समाज में बध गए तो समाज के प्रति स्वाभाविक रूप से उत्तरदायित्व भी बने हैं। समाज के भीतर बहसों की वजहें भी विषय के रूप में सामने आई। कई कलाकारों ने इन विषयों पर काम भी किया। यहां एक बात मैं समझता हूं कि यह कलाकार की रूचि का विषय है कि वे इन पर कलाकर्म करे, न कि उसका उत्तरादायित्व।
कुमाऊं पर बात करें। यहॉं चित्रकला के विकासक्रम को कैसे देखते हैं आप?
एम सलीम:- कुमाऊं के ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों के अभाव में चित्रकला का विकास मुख्यत: लोककलाओं में ही रहा है। मुख्यधारा की चित्रकला परम्मरा यहॉं देखने को नहीं मिलती है। लोककलाओं में भी ज्यादातर योगदान महिलाओं का रहा है। अपनी अभिव्यक्ति के लिए घर के अलंकरण के जरिए सुलभ उपकरणों, रंगों आदि का प्रयोग कर उन्होंने चित्रण किया है। गेरू, चांवल, रामरज आदि का रंगों के लिए प्रयोग किया है। और इसके अतिरिक्त जो काम कुमाऊं में चित्रकला की मुख्यधारा का हुआ वह नगरी क्षेत्रों में हुआ। यह भी लगभग विगत् एक से डेढ़ शताब्दी पुरानी ही बात है।
आप मुख्यत: प्रकृति के चितेरे रहे हैं। अभी यहॉं मुख्यधारा के कला जगत में अवचेतन कला में प्रधानता आई है। इसे ही मान्यता भी मिल रही है। इसे आप कैसे लेते हैं?

एम सलीम:- नऐ दौर का यह एक ऐसा क्रेज है जिसके बिना हम नहीं रह सकते। यह चित्रकला का समय के सापेक्ष विकास है। देखिए आज फोटोग्रॉफी, चित्रकला की प्रतिस्पर्धा में है। और साथ ही ये तकनीकी रूप से भी बहुत ऐडवांस हो गई है। इससे चित्रकला की पुरानी मान्यताऐं भी टूट रही हैं। कैमरा सिर्फ एक क्लिक में चित्रकार के तीन चार घण्टे की मेहनत सरीखा परिणाम दे रहा है। ऐसे में यदि आप सिर्फ वस्तुओं की अनुकृति मात्र कर देंगे तो वह आकर्षित नहीं कर पाऐगी यदि आप अवचेतन विचारों का अपनी अनुकृति में प्रयोग करेंगे तो यह कलागत् दृष्टि से नवनिर्माण होगा व उसे मान्यता भी मिलेगी। यहां एक बहुत महत्वपूर्ण बात है कि कैमरे के पास मन नहीं होता और न हीं संवेदनाऐं होती है। लेकिन कलाकार एक चेतना से परिपूर्ण सत्ता है जो कि मौलिक सृजन करने की क्षमता रखता है।
अवचेतन कला है क्या?
एम सलीम:- जिसको अवचेतन कला कहते हैं, "एब्स्ट्रैक्ट आर्ट"। तो एब्स्ट्रैक्ट तो वीज्युअल आर्ट में कुछ है ही नहीं। आकार रहित तो कोई कला हो ही नहीं सकती। हां ये जरूर है कि प्रकृति से वह विषय आपके भीतर गया है व रूप बदलकर बाहर आया है। बुनियादी रूप में वह मूर्त था बस जब तक आपके विचारों में रहा अमूर्त रहा लेकिन जब कैनवास में रंगों के माध्यम से उतरा फिर मूर्त हो उठा। हां लेकिन यह मूर्तता उस मूर्तता से अलग है जो वह प्रकृति में है।